घर से कुछ दूर स्थित दुकान से सामान खरीदने गई महिला को कार सवार चार युवक उठा ले गए। सामने मौजूद जेठ कुछ समझ पाता, तब तक कार सवार भाग गए। पुलिस ने काशीपुर से बाहर जाने वाले सभी रास्तों पर नाकाबंदी की मगर बदमाश हाथ नहीं आए।
मूल रूप से मेरठ निवासी अब्बास यहां मुरादाबाद रोड पर झोपड़ी बनाकर पत्नी मुस्कान और बड़े भाई अली के साथ रहता है। परिवार मजदूरी कर जीवन-यापन कर रहा है। घर वालों के मुताबिक मंगलवार रात करीब 10 बजे मुस्कान परचून की दुकान से सामान खरीदने गई थी। काफी देर बाद जब वह नहीं लौटी तो घर वाले तलाश में जुट गए। उसका जेठ अली दुकान की तरफ पहुंचा तो उसके होश उड़ गए।
वहां चार युवक मुस्कान को जबरन कार में डालकर ले जाने की कोशिश कर रहे थे जबकि वह छूटने के लिए छटपटा रही थी। जेठ मदद के लिए चीख-पुकार मचाता अपहरणकर्ता मुस्कान को कार में डालकर मुरादाबाद की ओर चले गए। जेठ ने मदद के लिए शोर मचाया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए।
एसओ कुंडा संजय पाठक मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने अपहरणकर्ताओं की तलाश में जिले भर में सभी रास्तों पर नाकाबंदी कराकर जांच पड़ताल कराई, लेकिन अपहरणकर्ता पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े। एसओ संजय पाठक ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है, लेकिन पुलिस विवाहिता की तलाश में जुटी है।