आवास विकास चौकी पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का खुलासा करते हुए गदरपुर निवासी एक युवक को गिरफ्तार कर 12 बाइक बरामद की हैं। इसके अलावा तीन बाइकें कटी मिली हैं। पुलिस गिरफ्तार युवक के दूसरे साथी की तलाश में संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही है।
एसएसपी नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि कई दिनों से शहर समेत आसपास के क्षेत्रों से बाइक चोरी हो रही थीं। इसके खुलासे के लिए पुलिस को समय समय पर चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। सोमवार को ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक चोरी की बाइक के साथ सिडकुल से रुद्रपुर की ओर आ रहा है। सूचना पर थानाध्यक्ष ट्रांजिट कैंप सुशील कुमार, आवास विकास चौकी इंचार्ज डीआर टम्टा ने पुलिस कर्मियों के साथ नैनीताल रोड पर वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान नैनीताल रोड से रुद्रपुर की ओर आ रही बाइक (यूके 06 टी 2414) में सवार युवक पुलिस को देख अटरिया रोड की ओर भागने का प्रयास करने लगा। शक होने पर पुलिसकर्मियों ने उसे धर दबोचा। पूछताछ में उसने अपना नाम मो. इस्लाम निवासी ग्राम रामजीवनपुर, थाना गदरपुर बताया, साथ ही उसके पास मौजूद बाइक को उसने चोरी की होना कुबूला। उसने बताया कि बाइक चोरी की वारदातों में उसका साथ गूलरभोज निवासी सोनू भी देता है। उसके पास भी चोरी की दो बाइकें हैं। उसने बताया कि 11 बाइकें जो रुद्रपुर, आवास विकास, ट्रांजिट कैंप क्षेत्र से चोरी की है, उसकी गदरपुर स्थित दुकान में हैं। जिस पर पुलिस ने इस्लाम की निशानदेही पर उसकी दुकान से चोरी की 11 बाइकें बरामद कीं। साथ ही तीन बाइकों के पार्ट भी मिले जो काटे गए थे। एसएसपी भरणे ने बताया कि इस्लाम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है, जबकि उसके फरार साथी सोनू की धरपकड़ को गूलरभोज आदि संदिग्ध ठिकानों पर पुलिस दबिश दे रही है।