किच्छा से खटीमा जा रही निजी बस की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।
ग्राम दोहरा थाना शीशगढ़ जिला बरेली निवासी रामप्रसाद का पुत्र तेजपाल (20) सिडकुल में नौकरी करता था। रविवार की सुबह तेजपाल अपने एक साथी के साथ बाइक संख्या यूके 06 एसी 1830 से किच्छा से बरा की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि बरा गांव में इंटर कालेज के निकट चौराहे पर बाइक पीछे से तेज गति आ रही बस संख्या यूपी 31 टी 9057 की चपेट में आ गई।
दुर्घटना में बाइक सवार तेजपाल की मौके पर ही मौत हो गई। बरा चौकी प्रभारी विजेंद्र कुमार के अनुसार दुर्घटना की सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो मृतक का साथी वहां से गायब हो गया। मृतक ने हेलमेट पहना था या नहीं इस बात का भी पता नहीं चल सका। बताया कि दुर्घटना के बाद बस चालक घटनास्थल से दो किलोमीटर आगे एक ढाबे के सामने बस छोड़ फरार हो गया। बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।