बाजपुर रोड पर बुधवार शाम को मिले सड़े-गले अज्ञात शव की शिनाख्त बरेली निवासी चंदन के रूप में हुई। मृतक के गले में निशान पाए जाने पर हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल पाएगा।
पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। बीते बुधवार की शाम आईटीआई थाना क्षेत्र में बाजपुर रोड स्थित एक बाग में सड़ा-गला शव मिला था। जिसकी शिनाख्त नहीं हो पाई थी। उधर आईटीआई थाने में बीते 28 जनवरी को यूपी के ग्राम सरदारनगर, थाना भमौरा जिला बरेली निवासी चंदन पुत्र प्रसादी सागर की गुमशुदगी दर्ज की गई थी। इस पुलिस ने परिजनों को एक अज्ञात शव मिलने की सूचना दी। बृहस्पतिवार को सूचना पर पहुंचे परिजनों ने मृतक की शिनाख्त चंदन के रूप में की। पुलिस के अनुसार चंदन करीब डेढ़ माह पूर्व ही काशीपुर आया था और बाजपुर रोड स्थित एक पेपर मिल में मजदूरी कर फैक्ट्री की आवासीय कालोनी में ही रहता था।
वह 28 जनवरी से लापता था।
सूत्रों के अनुसार मृतक के गले में निशान पाए गए हैं। इससे गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है। वहीं परिजन एक ठेकेदार पर हत्या की आशंका जता रहे हैं।