फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

असलहों के सौदागर पिता-पुत्र गिरफ्तार 

Tue, 16 Jan 2018 12:40 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, रुद्रपुर
विज्ञापन
तमंचा
विज्ञापन

विज्ञापन
 जिले में अपराधियों को असलहे मुहैया कराने वाले यूपी निवासी पिता-पुत्र को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से आठ देसी तमंचे भी बरामद हुए हैं। आरोपियों ने सितारगंज और किच्छा में तमंचों का सौदा किया था। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब सितारगंज और किच्छा में आरोपियों के सहयोगियों की धरपकड़ के लिए जुटी है। 
सोमवार को पुलभट्टा थाने में एसपी सिटी देवेंद्र पींचा ने मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पूर्व एसटीएफ को ऊधमसिंह नगर में यूपी से असलहों की खेप पहुंचने की सूचना मिली थी। एसटीएफ निरीक्षक एमपी सिंह ने असलहों की खेप लाने वालों की सुरागकशी शुरू दी। सोमवार सुबह मुखबिर ने सूचना दी कि पुलभट्टा क्षेत्र में दो लोग तमंचे लेकर पहुंच रहे हैं। इस पर एमपी सिंह ने पुलभट्टा थाना प्रभारी विद्याधर जोशी के साथ मिलकर पुलभट्टा और बहेड़ी के बीच दो संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 315 बोर के आठ देसी तमंचे बरामद हुए। पकड़े गए लोगों की पहचान वसीम अहमद पुत्र अब्दुल नईम और उसके पिता अब्दुल नईम निवासी वार्ड नंबर नौ मोहल्ला मस्तान थाना देवनरिया कस्बा रिछा जिला बरेली के रूप में हुई है। 
विज्ञापन

पूछताछ में दोनों ने कबूला कि वे यूपी के रिछा से तमंचे लाकर यूएसनगर और नैनीताल जिले में सप्लाई करते थे। बरामद तमंचों का सौदा उन्होंने सितारगंज और किच्छा में रहने वाले युवकों के साथ 56 हजार रुपये में किया था। दोनों चार हजार में तमंचा लाकर सात हजार में यहां बेचते थे। वे साल भर से तमंचे सप्लाई करने का काम कर रहे थे। इधर, पुलिस के अनुसार रिछा में तमंचों का कारोबार बड़े स्तर पर होता है और यहां से तमंचे पूरे कुमाऊं में सप्लाई किए जाते हैं। टीम में एसआई केपी टम्टा, आरक्षी गोविंद सिंह, महेंद्र गिरी, किशोर कुमार, दुर्गा सिंह और सलमान थे। 

बेहद सफाई से बनाए गए थे तमंचे 
रुद्रपुर। पुलभट्टा थाना क्षेत्र में असलहा बेचने वाले पिता-पुत्र से बरामद देसी तमंचों को बेहद सफाई के साथ तैयार किया गया था। ये आकार में इतने छोटे हैं कि अपराधी इन्हें आराम से अपने साथ छिपाकर ले जा सकते हैं। जहां आमतौर पर देसी तमंचा दो से तीन हजार में मिल जाता है, वहीं इन्हें खरीदने के लिए सात हजार रुपये तक खर्च करने होते थे। 

एसटीएम यूएसनगर को जिले में अवैध असलहों की सप्लाई किए जाने की सूचना मिली थी, इस पर तत्काल कार्रवाई की गई है। आगे पकड़े गए लोगों से मिले कुछ महत्वपूर्ण सुराग पर भी काम किया जा रहा है। 
विज्ञापन

- रिधिम अग्रवाल, एसएसपी एसटीएफ, उत्तराखंड। 


एसटीएफ को साढ़े सात हजार का इनाम
देहरादून। बरेली से उत्तराखंड में हथियारों की तस्करी करने वाले बरेली के दो आर्म्स डीलरों को गिरफ्तार करने वाली एसटीएफ टीम को अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) अशोक कुमार ने पांच हजार इनाम देने की घोषणा की है। इसके अलावा एसटीएफ की एसएसपी रिधिम अग्रवाल ने भी टीम को ढाई हजार का इनाम देने की घोषणा की है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें