रुद्रपुर जिला अस्पताल में भर्ती घायल पप्पू।
- फोटो : Amar Ujala
हल्द्वानी से लौटते समय रामपुर रोड पर हादसे में घायल एक स्कूटर सवार दिव्यांग युवक को भर्ती कराने के बजाय 108 एंबुलेंस कर्मी उसे बेहोशी की हालत में रास्ते में ही छोड़कर चले गए। होश में आने पर युवक की जेब से 48 हजार रुपये गायब थे। बाद में लोगों ने 108 एंबुलेंस कर्मियों पर युवक को बेहोशी का इंजेक्शन देकर 48 हजार रुपये लूटने का आरोप लगाते हुए जिला अस्पताल की प्रमुख अधीक्षक का घेराव कर सख्त कार्रवाई की मांग की। स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है, साथ ही 108 एंबुलेंस सेवा के देहरादून स्थित मुख्यालय को पत्र भी भेजा है।
आदर्श कॉलोनी निवासी दिव्यांग पप्पू सक्सेना अपने साले महेश कुमार के साथ साझीदारी में हल्द्वानी में टायर का काम करता है। बीती रविवार शाम करीब 7:30 बजे वह हल्द्वानी में महेश कुमार से 48 हजार रुपये लेकर स्कूटर (यूके 06 जेड 7400) से लौट रहा था। रामपुर रोड स्थित संजय वन के पास सामने से दो वाहन आते देख उसने स्कूटर सड़क किनारे करने की कोशिश की, लेकिन वहां ईट-पत्थरों पड़े होने के कारण वह अनियंत्रित होकर गिरने से चोटिल हो गया। तभी हल्द्वानी की तरफ आ रही 108 एंबुलेंस के चालक, नर्स समेत तीन लोग उसके पास आकर रुके। उन्होंने उसका प्राथमिक इलाज करने के बाद फोन पर उसके साले को घटना की जानकारी दी। इस बीच वह बेहोश हो गया।
पप्पू का आरोप है कि होश में होने के बावजूद उन्होंने उसे जबर्दस्ती एंबुलेंस में बैठाया और उसकी जेब में रखे रुपये देखने के बाद उसे एक इंजेक्शन लगा दिया। उसके बाद उसे अंधेरे में सड़क किनारे छोड़कर भाग गए। उसे खोजते हुए पहुंचे उसके साले और एक व्यक्ति ने उसे बेहोशी की हालत में घर पहुंचाया। रात करीब 11:30 बजे उसे होश आया तो उसकी जेब से 48 हजार रुपये गायब थे। जब उसने 108 नंबर पर फोन करके पता किया तो संतोषजनक जवाब नहीं मिला। पप्पू ने मामले में पुलिस में तहरीर देकर तीनों 108 कर्मचारियों पर उसके साथ लूट करने का आरोप लगाया। घटना के विरोध में लोगों ने जवाहर लाल नेहरू जिला चिकित्सालय की प्रमुख अधीक्षक डॉ. अमिता उप्रेती का घेराव किया और तीनों कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। घेराव करने वालों में सुशील गाबा, अजय तिवारी, महेश कुमार आदि शामिल थे।
सीएमओ कार्यालय के स्तर से मामले की जांच की जा रही है। इस संबंध में पत्र 108 एंबुलेंस के देहरादून स्थित मुख्यालय को भी भेज दिया गया है।
-
डॉ. अमिता उप्रेती, प्रमुख अधीक्षक, जवाहर लाल नेहरू जिला चिकित्सालय।
जिला अस्पताल फिर सवालों के घेरे में
रुद्रपुर। जवाहर लाल नेहरू जिला चिकित्सालय में मरीजों के साथ ठगी और लूट की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। इससे पूर्व दिसंबर में जिला अस्पताल में फर्जी डॉक्टर द्वारा एक महिला से 72 हजार रुपये लूटने का मामला प्रकाश में आ चुका है। इसके अलावा करीब एक वर्ष पूर्व जिला अस्पताल में जहरखुरानो द्वारा दिए गए इंजेक्शन से महिला की मौत का मामला भी सामने आ चुका है।