हरिद्वार जिले के रुड़की और यूपी में जहरीली कच्ची शराब से 61 लोगों के मरने के बाद चेते जिला आबकारी विभाग ने शनिवार को जिले भर में छापामारी अभियान चलाया।
संयुक्त आबकारी आयुक्त कुमाऊं परिक्षेत्र केके कांडपाल के निर्देशन में आबकारी विभाग की छह पर्वतन टीमों ने नानकमत्ता, खटीमा, रुद्रपुर, काशीपुर, बाजपुर में अवैध शराब के धंधेबाजों के ठिकानों पर छापेमारी कर 245 लीटर कच्ची शराब बरामद की। इस मौके पर टीम ने करीब 13 हजार लीटर लाहन नष्ट किया। टीम की ओर से छह अभियोग भी पंजीकृत किए। कुछ जगहों पर टीम ने शराब की भट्ठियों को नष्ट कर शराब बनाने के उपकरण भी बरामद किए।
कच्ची शराब बेचते दो लोग गिरफ्तार
रुद्रपुर। कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में छापा मारकर बगवाड़ा भट्टा निवासी जोगेंद्र सिंह उर्फ बिन्नी और रंपुरा निवासी छोटेलाल को कच्ची शराब बेचते पकड़ा। दोनों के पास से पुलिस ने 40 लीटर कच्ची शराब बरामद कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया । जिला आबकारी आयुक्त केके कांडपाल के निर्देश पर सहायक आयुक्त अशोक कुमार मिश्रा, आबकारी निरीक्षक महेंद्र सिंह बिष्ट और उप आबकारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार आदि ने टीम और पीआरडी के जवानों के साथ शनिवार सुबह छह बजे ग्राम रम्पुरा, रामनगर रोड, एसआरएफ के पास जंगल में शराब की आठ भट्ठियां ध्वस्त कर दी। टीम ने सैकड़ों लीटर लाहन नष्ट किया।
टीम को देखकर शराब बना रहे तस्कर भाग गए।
उधर, टांडा चौकी पुलिस ने किलावली निवासी सतनाम सिंह को 42 पाउच देशी शराब, ब्रह्मनगर निवासी सुखवीर सिंह को 20 लीटर कच्ची शराब और कचनालगाजी निवासी राकेश कुमार को 30 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है। उधर, आईटीआई थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि शराब तस्करी में लिप्त आलू फार्म निवासी इदरीश अहमद व बरखेड़ी निवासी परमजीत सिंह पम्मी के विरुद्ध गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
इधर, जसपुर पुलिस ने ग्राम बहेड़ी निवासी पुष्पेंद्र सिंह को ग्राम धर्मपुर की पुलिया के पास कच्ची शराब बेचते समय गिरफ्तार कर लिया। एसआई अर्जुन पवार ने बताया कि शुक्रवार की देर रात उसे गिरफ्तार कर उसके पास से 65 पाउच शराब के बरामद किए गए।