रेलवे क्रॉसिंग पर खड़े व्यक्ति को ट्रक ने चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सरकारी अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्राम बादशाह नगर सीवी गंज बरेली यूपी निवासी पूरन कश्यप (26) पुत्र बाबूराम कश्यप करीब नौ महीने से एमपी चौक स्थिति एक मिठाई की दुकान में कारीगर था। वह चचेरे भाई और पांच युवकों के साथ दुकान में ही रहता था। जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम वह किसी मित्र से मिलने के लिए रुद्रपुर रोडवेज डिपो के पास रेलवे क्रॉसिंग पर खड़ा था।
इस दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। उसे गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चचेरे भाई मिंटू ने परिजनों को सूचना दी। बृहस्पतिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतक के बड़े भाई राजेंद्र ने बताया कि वह चार भाइयों में तीसरे नंबर का था।
उसकी शादी डेढ़ साल पहले हुई है और एक साल की बेटी है। राजेंद्र के अलावा उसके दो और भाई हैं। दो बड़े भाई और चार बहनों की शादी हो चुकी है। पिता की मौत करीब 10 साल पहले हो चुकी है। सभी भाई मजदूरी करके ही परिवार का पालन पोषण करते हैं।