काशीपुर। एक ग्राहक के दो बैंक खातों से एक लाख चार हजार की रकम उड़ाने के अगले दिन साइबर ठगों ने फिर से उसके खाते से 48 हजार की रकम उड़ा ली। हालांकि खाताधारक ने बैंक में जाकर एटीएम कार्ड ब्लॉक करा दिया था। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला कविनगर निवासी राजवीर सिंह पुत्र हरगोविंद ने बृहस्पतिवार को पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा है कि बैंक ऑफ इंडिया और पंजाब नेशनल बैंक में उसके खाते हैं। नौ जनवरी की शाम उसके मोबाइल पर एक फोन आई। फोन करने वाले ने खुद को बैंक ऑफ इंडिया का शाखा प्रबंधक बताते हुए उसे बातों में उलझाकर उसके बैंक खातों से संबंधित जानकारियां और एटीएम का पिन नंबर पूछ लिया। इसके बाद 10 जनवरी को उसके बैंक ऑफ इंडिया स्थित खाते से दो बार में 99,997 रुपये और पीएनबी स्थित खाते से 4800 रुपये निकाल लिए। बृहस्पतिवार को उन्होंने दोनों बैंकों से संपर्क साधा तो बैंक अधिकारियों ने उसे रकम मोबाइल एप से निकाले जाने की जानकारी दी लेकिन बैंक अधिकारियों ने जांच की बात कहते हुए अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया। राजवीर सिंह ने बैंक में अपना एटीएम भी ब्लॉक करा दिया। बावजूद इसके शुक्रवार को भी उसके खाते से 47,998 रुपये और निकल गए। खाताधारक ने पुन: कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर सौंपी है। खबर लिखे जाने तक मामले की रिपोर्ट नहीं हो सकी थी।
साइबर ठग ने खाते से पार किए 65 हजार
रुद्रपुर। आवास विकास कॉलोनी निवासी पंकज पाठक पुत्र प्रेमदत्त पाठक ने आवास विकास चौकी पुलिस को तहरीर देकर बताया कि एसबीआई से दो दिन पहले उसे क्रेडिट कार्ड जारी हुआ था। शुक्रवार को उसने नंबर पर एक कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को क्रेडिट कार्ड विभाग से होने की बात कहकर एटीएम का आईवीआर व ओटीपी पिन मांगा। पिन नंबर बताने के कुछ समय बाद ही उसके खाते से 65 हजार रुपये निकाल दिए गए। ठगी का अहसास होने पर उसने बैंक कस्टमर केयर में कॉल की। पता चला कि फर्जी कॉल के जरिए रुपये उठाए गए है। ब्यूरो