रुद्रपुर के प्लॉट बेचने के नाम पर यूपी के कुछ ठगों ने रुद्रपुर के एक युवक से पांच लाख की ठगी कर ली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने धोखाधड़ी करने वाले सात लोगों पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
खेड़ा वार्ड नंबर पांच निवासी अकील अहमद पुत्र अली ने दस माह पूर्व प्लॉट खरीदने का मन बनाया और इसके लिए अकील लखीमपुर खजुरिया निवासी गुलफाम के संपर्क में आया। गुलफाम ने अकील का संपर्क अपने साथियों लखीमपुर खजुरिया के ही मकसूद, इजराइल, मुमतियाज, जाहिद और बरेली शीशगढ़ के रहने वाले नसीम और राजेंद्रनगर गाजियाबाद निवासी मनोज से कराया। यूपी में ही उक्त लोगों द्वारा अकील को प्लॉट दिखाने के बाद पांच लाख रुपये में प्लॉट का सौदा तय हुआ। 15 जनवरी को अकील ने प्लॉट की रकम का भुगतान भी कर दिया। रकम देने के बाद 15 दिन के भीतर प्लॉट का बैनामा करने की बात तय हुई। अकील का आरोप है कि तय समय के बाद भी प्लॉट का बैनामा न होने पर उसने उक्त लोगों को फोन किया तो गुलफाम और उसके साथी टालमटोल करने लगे। कुछ दिन बाद उक्त लोगों ने अकील का फोन उठाना भी बंद कर दिया। खोजबीन करते हुए जब अकील गुलफाम और उसके साथियों के पास पहुंचा तो सभी ने उसे जान से मारने की धमकी देकर प्लाट देने से मना कर दिया। अकील की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी करने वाले गुलफाम, मकसूद, मुमतियाज, इजराइल, जाहिद, नसीम और मनोज पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।