काशीपुर। ललितपुर हल्दुआ थारी रामनगर निवासी अतुल शर्मा ने कोतवाली में तहरीर देकर कहा कि उसका विवाह महुआखेड़ा गंज निवासी एक युवती से हुआ था। शादी के बाद से पत्नी और उसके परिवार वालों से अनबन रहने लगी।
मनमुटाव होने के कारण उसकी पत्नी मायके चली गई। बताया कि 11 अगस्त को वह मामले को सुलझाने के लिए अपनी बड़ी साली और बिचोलिया व्यक्ति के पास पहुंचा। उसने दोनों से मुरादाबाद रोड स्थित एक फर्नीचर के ऑफिस में इस संबंध में बात की। इसी बीच 15 मिनट बाद उसकी साली एक गिलास में जूस लेकर आई और आयुर्वेदिक पतंजलि जूस बताकर उसे दे दिया।
उसने जूस पीने से माना किया, लेकिन साली ने जिद कर जूस पिला दिया। जूस पीने के कुछ देर बाद उसे चक्कर आने लगे। इसकी सूचना उसने अपने एक परिचित को मोबाइल पर दी। इस पर उक्त परिचित और कुछ लोग वहां आए और सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
वहां डॉक्टरों ने उसे जहर देने की बात कहते हुए प्राथमिक इलाज के बाद हल्द्वानी रेफर कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।