काशीपुर। कुंडेश्वरी के ग्राम गोविंदपुर में अवतार सिंह पुत्र सूरत सिंह की परचूनी की दुकान है। रविवार रात गांव का एक युवक उसकी दुकान से मूंगफली लेने गया। उसके बाद वह मूंगफली लेकर चलने लगा। दुकानदार अवतार ने पिछली उधारी के छह सौ रुपये की मांग करते हुए उक्त युवक के हाथ से मूंगफली छीन ली।
इस बात को लेकर दोनों के बीच गाली-गलौच और हाथापाई भी हुई। आरोप है कि उक्त युवक ने फोनकर अपने साथियों को वहां बुला लिया। इन लोगों ने धारदार हथियारों से हमलाकर अवतार सिंह व उसके पिता सूरत सिंह को गंभीर रूप से घायल कर दिया। मारपीट में दूसरे पक्ष के राजा को भी चोंटे आई। दोनों पक्षों का राजकीय चिकित्सालय में उपचार कराया गया है।
मामले की सूचना कुंडेश्वरी चौकी पुलिस को दे दी गई है। उधर, आईटीआई थाने के ग्राम परमानंदपुर निवासी तौकीर पुत्र नन्हे शाह ने अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र को प्रार्थना पत्र देकर कहा है कि 22 फरवरी शाम उसकी पुत्री गांव के नल से पानी भर रही थी। इसी दौरान एक युवक ने उसकी बाल्टी में पैर धो लिया।
बेटी ने घर आकर शिकायत की। इसी दौरान आरोपी की मौसी ने उसे उकसा दिया। इसके बाद तीन चार लोग असलहे लेकर उसके घर में घुस आए। आरोप है कि हमलावरों ने उसके साथ मारपीट कर नौ हजार रुपये की नकदी भी छीन ली। एएसपी ने सीओ राजेश भट्ट को मामले की जांच सौंपी है। ब्यूरो