किच्छा। रुद्रपुर रोड पर बाइक सवार बदमाशों ने ई-रिक्शा सवार भाजपा नेत्री के गले से चेन झपट ली। भाजपाइयों ने कोतवाली पहुंचकर झपटमारों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
रुद्रपुर रोड चक्रधारी मंदिर के निकट निवासी भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हेमा मिश्रा सोमवार शाम बाजार से खरीदारी कर ई-रिक्शा से लौट रहीं थी। घर से कुछ पहले पीछे से आए बाइक सवार तीन युवकों में से एक ने हेमा के गले से चेन झपट ली।
हेमा ने बाइक सवार एक युवक से लिफ्ट मांगकर बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे उत्तरांचल कालोनी की ओर भाग निकले। बाद में जब वह वापस लौटीं तो एक बाइक पर सवार दो युवकों को पहचान लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हेमा ने बताया कि उसकी चेन तीन तोले की थी।
इधर घटना के खुलासे की मांग को लेकर दर्जनों भाजपाई कोतवाल योगेश उपाध्याय से मिले। कोतवाल से मिलने वालों में शैली फुटेला, संदीप अरोरा, लवी सहगल, दया डसीला आदि हैं।