काशीपुर। परमानंदपुर में एक काश्तकार के घर में खड़े डंपर से टायर खोलने का प्रयास करते अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के सरगना समेत तीन आरोपियों को ग्रामीणों ने मौके पर ही धर दबोचा। ग्रामीणों ने आरोपियों की पिटाई कर उन्हें आईटीआई थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर मुरादाबाद सिविल लाइन थाने से चुराई गई एक बाइक भी बरामद की है।
आईटीआई थाना क्षेत्र के ग्राम परमानंदपुर निवासी अख्तर अली पुत्र नावेद अली का मकान के बाहर वाहन खड़े करने के लिए अहाता है। बुधवार रात करीब डेढ़ बजे तीन युवक अहाता में घुस आए और वहां खड़े डंपर के टायर खोलने लगे। खटपट की आवाज सुनकर अख्तर के परिजन जाग गए। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से परमानंदपुर निवासी आजम और नूर मोहम्मद समेत तीन आरोपियों को धर दबोचा।
इनमें से एक नाबालिग बताया गया है। ग्रामीणों ने चोरों की जमकर पिटाई की। सूचना पर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक कैलाश चंद्र ने तीनों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने वाहन चोरों को थाने लाकर पूछताछ की। पकड़े गए युवकों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की एक बाइक भी बरामद कर ली। यह बाइक मुरादाबाद के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से बीती 11 अगस्त को चोरी हुई थी। पुलिस ने अख्तर की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दो सप्ताह पूर्व ही जेल से रिहा हुआ था आजम
काशीपुर। परमानंदपुर में डंपर से टायर खोलने का प्रयास करते दबोचा गया आजम अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का सरगना है। 24 अक्तूबर 2017 को बाजपुर थाना पुलिस ने चोरी के पांच ट्रैक्टर बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में परमानंदपुर निवासी आजम के अलावा तीन अन्य का नाम प्रकाश में आया था। बाद में पुलिस ने आजम को गिरफ्तार कर लिया था। 16 अगस्त 2018 को वह जेल से छूटकर आया था। अख्तर ने बताया कि इससे पूर्व में भी उसके ट्रैक्टर से टायर चोरी हो चुके हैं।