रुद्रपुर। पति के हाथों बेरहमी से मारी गई गीता का पांच साल का बेटा लोकेश पुलिस बरामद नहीं कर सकी है। हत्यारोपी पति ओमपाल ने बहेड़ी के जिस पते पर लोकेश के होने की बात कही थी, वह पता पुलिस तस्दीक नहीं कर सकी है।
पुलिस अब लोकेश का पता लगाने के लिए मशक्कत करने के साथ ही ओमपाल को कस्टडी रिमांड में लेने की तैयारी कर रही है।
बीते वर्ष 14 अगस्त को किच्छा बाइपास रोड पर कीरतपुर गांव के पास बक्से में मिले गीता के शव के मामले में परिजनों के पति ओमपाल पर शक जताने के बाद पुलिस ने जब उसे पूछताछ की तो उसने बेवफाई की वजह से पत्नी गीता की हत्या करने की बात कबूली थी।
ओमपाल ने हत्या के बाद बड़ी बेटी सिमरन को उसकी बुआ गुड्डी देवी के घर जबकि पांच साल के बेटे लोकेश को बहेड़ी निवासी दोस्त जगवीर सिंह और ढाई साल के बेटे को खेड़ा निवासी शांति को देने की बात कही थी। पुलिस ने खेड़ा से मयंक को बरामद कर लिया, लेकिन लोकेश की तलाश में ओमपाल के बताए बहेड़ी के पते पर पुलिस टीम गई तो पता तस्दीक नहीं हो सका।
एसएसआई नासिर हुसैन ने बताया कि जगवीर ने रुद्रपुर में बाइक खरीदी थी, लेकिन उसमें पता ट्रांजिट कैंप का दिया था। बाइक खरीदने के समय ओमपाल ने अपना आधार कार्ड लगाया था। उन्होंने बताया कि जेल में बंद ओमपाल को रिमांड में लेकर उससे लोकेश के सही पते के बारे में पूछताछ की जाएगी। उन्होंने बताया कि सिमरन फिलहाल अपनी बुआ के पास है।