काशीपुर के ग्राम खड़कपुर देवीपुरा स्थित द्रोण विहार कॉलोनी में चोरों ने तीन दुकानों के ताले तोड़ डाले। चोर एक दुकान के आगे रखे एल्युमीनियम के एंगल जबकि सीमेंट स्टोर से सीमेंट के 25 कट्टे चोरी कर लिए।
खड़कपुर देवीपुरा में द्रोण विहार कॉलोनी में चोरों ने उपहार वाटिका के ताले तोड़ने का प्रयास किया। चोरों ने शटर के एक साइड का ताला तोड़ डाला, लेकिन मध्य लॉक न टूट पाने के कारण चोर दुकान के बाहर रखे एल्युमीनियम के एंगल चुरा ले गए। उपहार वाटिका की स्वामी मीनाक्षी गुप्ता ने बताया कि चोरों ने इस भवन के दोमंजिले के ताले भी तोड़े। लेकिन, यह सेट किराएदार ने चार दिन पहले ही खाली किया था। इस कारण चोर वहां से कुछ नहीं ले जा सके। इसके बाद चोरों ने सुपर मार्केट स्थित कपिल कुमार की दुकान का शटर तोड़ने का प्रयास किया। चोरों ने एक फुट तक शटर उठा लिया। इस बीच शोर होने पर चोर भाग गए। सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर उसमें एक युवक दोमंजिले से उतरता दिखाई दिया। इसके अलावा चोरों ने कुछ दूर स्थित गणेश ट्रेडर्स के ताले तोड़कर 25 बोरी सीमेंट चोरी कर लिया। सूचना पर आईटीआई थाने से उपनिरीक्षक कैलाश भाकुनी ने मौके पर पहुंचकर दुकानदारों से घटना के संबंध में जानकारी ली। समाचार लिखे जाने तक किसी भी मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।