रुद्रपुर। सिडकुल क्षेत्र में निजी प्लॉट के एक चौकीदार पर बुधवार रात अज्ञात लोगों ने हमला और लूटपाट कर घायल कर दिया। आसपास के लोगों ने चौकीदार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घायल की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अटरिया मंदिर के पास रहने वाला 50 वर्षीय राजवीर सिडकुल क्षेत्र के एक निजी प्लॉट की देखरेख का काम करता है। बुधवार रात राजवीर प्लॉट में मौजूद रेत और बजरी की रखवाली कर रहा था। इसी दौरान तीन अज्ञात लोग हथियारों से लैस होकर उसके पास पहुंचे और मारपीट करने लगे। विरोध करने पर हमलावरों ने उसकी जेब में रखी 1500 की नकदी के साथ ही मोबाइल और टार्च छीन लिया। राजवीर के शोर मचाने पर जब पास ही की फैक्ट्री के कुछ लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर मौका देखकर फरार हो गये। फैक्ट्री कर्मियों ने राजवीर को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल राजवीर की तहरीर के आधार पर पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है।