जसपुर। धोखाधड़ी करने के फरार आरोपी भाजपा नेता के घर की पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई अदालत में शुरू की है। अदालत से आदेश मिलने पर पुलिस आरोपी के घर की कुर्की करेगी। ग्राम पतरामपुर निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य के पति गुरुचरन सिंह उर्फ तोता पर मृतकों को अभिलेखों में जिंदा दर्शाकर लाखों रुपये का बीमा कर क्लेम लेने के दो मुकदमे दर्ज हैं।
आरोपी काफी दिन से फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने टीमों का गठन किया था। किंतु काफी प्रयास के बाद भी आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका। अब पुलिस ने आरोपी के घर की कुर्की करने की अदालत में कार्रवाई शुरू की है। इस मामले की विवेचना कर रहे पतरामपुर पुलिस चौकी इंचार्ज सतीश कापड़ी ने बताया कि अदालत से कुर्की का आदेश मिलने पर आरोपी के घर की कुर्की की जाएगी।