काशीपुर। मोबाइल टावर लगाने के नाम एक व्यक्ति से 65 हजार रुपये की ठगी हो गई। पीड़ित ने उक्त कंपनी के कार्यालय में संपर्क कर मामले की जानकारी दी।
मूल रूप से भराड़ी कपकोट बागेश्वर निवासी नवीन चंद्र भट्ट प्रतापपुर में रहकर एक स्कूल में बस चलाते हैं। उन्होंने बताया कि उनका खरमासी में एक खाली प्लॉट है। बीते दिनों उन्होंने एक समाचार पत्र में खाली पड़ी भूमि पर मोबाइल टावर लगाने का विज्ञापन देखकर दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। फोन पर बात करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम राहुल शर्मा बताकर एक मोबाइल कंपनी में मुंबई में मैनेजर पद पर तैनाती बताई।
आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने टावर लगाने के लिए फाइल बनाने के नाम पर 2500 रुपये खाते में डालने को कहा। उन्होंने बीती 23 मार्च को उक्त व्यक्ति के बताए खाता संख्या में 25 सौ रुपये डाल दिए। इसके बाद उक्त ठग समय-समय पर फोन कर इंटर सिटी चार्ज खाते में डालने को कहता रहा। नवीन ने कई किस्तों में उक्त ठग के खाते में 64 हजार 950 रुपये जमा करा दिए। इसके बाद उक्त ठग ने फिर 18 हजार रुपये खाते में जमा करने को कहा। मामले में नवीन भट्ट अपनी परिचित महिला एवं बाल सहायता समिति की अध्यक्ष सरोज ठाकुर से रुपये की मदद मांगने मंगलवार को उनके घर पहुंचे।
मामले की जानकारी होने पर सरोज ने उन्हें बताया कि कोई ठग टावर लगाने के नाम पर उनसे ठगी कर रहा है। सरोज पीड़ित नवीन को लेकर यहां उक्त कंपनी के स्थानीय कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने मामले की जानकारी कंपनी के अधिकारियों को दी। सरोज ने बताया कि इस मामले में शीघ्र पुलिस को तहरीर सौंपी जाएगी।