काशीपुर। नशे की लत पूरी करने को रुपये न मिलने पर एक युवक ने अपनी मां की कनपटी पर तमंचा तान दिया। आरोप है कि युवक ने मां के साथ अभद्रता और हाथापाई की। मोहल्ले वासियों की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को तमंचे समेत हिरासत में ले लिया। बेटे के पकड़े जाने पर मां उसे छुड़ाने के लिए कोतवाली के चक्कर लगा रही है।
गंगेबाबा रोड निवासी एक युवक नशा करने का आदी है। शराब की लत पूरी करने के लिए वह अक्सर परिजनों के साथ झगड़ा करता रहता है। युवक का पिता खाना बनाने का कारीगर है। शुक्रवार की शाम उक्त युवक अपनी मां से शराब के लिए रुपये मांग रहा था।
मां के मना करने पर वह गाली गलौच करने लगा। शोर सुनकर तमाम पड़ोसी एकत्र हो गए। इसी दौरान युवक ने अपनी मां की कनपटी पर तमंचा तान दिया। पड़ोसियों ने किसी तरह उसके हाथ से तमंचा छीना।
सूचना पर कटोराताल चौकी प्रभारी दिनेश बल्लभ ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत मे ले लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।