किच्छा के पुरानी गल्ला मंडी में पांच दुकानें अग्निकांड की भेंट चढ़ गई। आग से दुकानों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। आग से लाखों की क्षति का अनुमान है। प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और क्षति का आकलन किया।
शहर की पुरानी गल्ला मंडी में सिरौली निवासी मोहम्मद इसरार पुत्र मोहम्मद हुसैन और मकसूद पुत्र मकबूल अहमद, वार्ड दस निवासी मनीष कुमार, सर्वेश कुमार और दिनेश कुमार पुत्रगण कालीचरण की दुकानें हैं। रविवार तड़के इन दुकानों में आग धधक उठी। इससे दुकानों में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि आग सबसे पहले सर्वेश की दुकान में लगी। इसके बाद आग पांचों दुकानों में फैल गई। आग लगने का पता लगने पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गये। सूचना पर फायर बिग्रेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। तब तक दुकानों में रखा सामान जल चुका था। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और क्षति का आकलन भी किया।