काशीपुर। डीजे पर डांस को लेकर हुए झगड़े में दो पक्षों के बीच हुए झगड़े में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। इनमें से एक घायल व्यक्ति को हल्द्वानी रेफर किया गया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ आईटीआई थाना पुलिस को तहरीर सौंपी है। पुलिस ने एक पक्ष के दो लोगों को हिरासत में लिया है।
थाना आईटीआई क्षेत्र के कचनालगुसाईं में तीन दिन पहले एक विवाह समारोह में डीजे पर डांस करने को लेकर क्षेत्र निवासी इलियास और जसपुर खुर्द निवासी आजम के बीच मारपीट हुई थी। वहां मौजूद लोगों ने तब बीचबचाव कर दिया था।
बीते शुक्रवार की रात को जसपुर खुर्द के तीन युवकों ने रामनगर रोड स्थित एक अस्पताल के सामने कचनाल गुसाईं के युवकों को पीट दिया। हमले में कचनाल गुसाईं निवासी इशहाक पुत्र अल्ताफ गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे हल्द्वानी रेफर किया गया है। जबकि दो अन्य का राजकीय चिकित्सालय में इलाज चल रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस एक पक्ष के दो युवकों को पकड़कर थाने ले आई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ आईटीआई थाना पुलिस को तहरीर सौंपी है। थानाध्यक्ष कुलदीप अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।