काशीपुर में बंद पड़ी चीनी मिल में चोरी करने आए पांच आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा। पुलिस ने उनके कब्जे से मिल की मशीन से खोले गए कीमती सामान को बरामद कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से मिली कार भी सीज कर दी है।
बृहस्पतिवार को कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि बंद पड़ी काशीपुर चीनी मिल की मशीनरी यार्ड में कुछ संदिग्ध मशीनों से पार्ट्स खोल रहे हैं। सूचना पर उपनिरीक्षक जावेद मलिक, कांस्टेबल राजूपुरी, गिरीश जोशी, जयमल सिंह, सतीश चंद्र आदि ने मौके पर पहुंचे। वहां पांच लोग एक कार (डीएल8सीक्यू/4875) में लोहे का सामान भर रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से हरे रंग के पांच कट्टों में लोहे के पाइप, सरिये के टुकड़े, लोहे की पत्तियां, स्टार्टर लोहे की दाब बरामद की। इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के पास से क्रेन का तार भी बरामद किया है। बरामद कुल लोहे का वजन 222 किलोग्राम बताया है।
एसएसआई विनोद कुमार ने बताया कि इस मामले में बांसखेड़ा निवासी शमी, मो. शकील, राजू पाल, बबलू, मोहिल को गिरफ्तार किया है। मिल परिसर में पूर्व में हुई चोरियों के सिलसिले में भी पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।