शांतिपुरी। निकटवर्ती ग्राम आनंदपुर स्थित गोला स्टोन के समीप सिडकुल मार्ग पर लुटेरों ने ड्यूटी से लौट रहे बाइक सवार सिडकुल कर्मी को तमंचे के बल पर रोककर उसकी बाइक, रुपये और कागजात भरा बैग छीन ले गए।
शनिवार की शाम शांतिपुरी नंबर-2 ढांकानी निवासी सिडकुल कर्मी भूपाल सिंह बिष्ट पंतनगर सिडकुल स्थित एलजीबी कंपनी से ड्यूटी कर बाइक (यूके06एएम 4022) से लौट रहे थे। रास्ते में पीछो कर रहे तीन बाइक सवार लुटेरों ने शाम 7:30 बजे गौला स्टोन से कुछ दूरी पर मोड़ के समीप स्पीड कम होते ही पीछे से कालर पकड़कर रोक लिया। तभी उसके दूसरे साथी ने डंडे से हाथों तेज प्रहार कर भूपाल सिंह को गिरा दिया। उसके कान पर तमंचा सटाकर पास के धान के खेत में ले गये। जहां लुटेरों ने उसके पास से गाड़ी के कागजात, रुपये आदि छीनकर बाइक ले गए। वे किच्छा-हल्द्वानी मुख्य मार्ग की तरफ भागे। लुटेरों ने शोर मचान पर जान से मारने की धमकी भी दी। सूचना पर पहुंची पंतनगर और किच्छा पुलिस को घटनास्थल के पास से लूट में उपयोग किया गया डंडा, लुटेरों की एक जोड़ी चप्पल और सिडकुल कर्मी से छीना गया मोबाइल फोन पड़ा मिला। भूपाल सिंह ने घटना की तहरीर पंतनगर थाने को सौंप दी है। उन्होंने बताया बीती 30 मार्च को ही खरीदी थी। घटना से सिडकुल कर्मियों में दहशत बनी है।