बेकाबू ट्रक टक्कर से पलटा ऑटो, वृद्धा की मौत, नौ घायल
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। खनन सामग्री भर कर सड़कों पर तेज रफ्तार से दौड़ रहे ट्रक ने फिर एक जान ले ली। रविवार को रादौर जठलाना मार्ग पर रतनगढ़ टी प्वाइंट के पास रेत से भरे ट्रक ने सवारियों से भरे ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे धान के खेत में पलट गया। हादसे में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि चालक सहित नौ लोग घायल हो गए। सभी लोग लाडवा के गांव सतापुर में शोक सभा में जा रहे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। वहीं घायलों को अस्पताल में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सप्ताहभर में हुए हादसों में करीब छह लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
रतनगढ़ माजरा निवासी ऑटो चालक राजकुमार ने बताया कि वह मंधार से लाडवा क्षेत्र के गांव संतापुर में सवारियां लेकर जा रहा था। ऑटो में दस महिलाएं सवार थीं, जो संतापुर में रिश्तेदारी में हुई मौत के बाद कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जा रहीं थीं। रास्ते में जठलाना-रादौर रोड पर जब वह गांव रतनगढ़ टी प्वाइंट पर पहुंचा तो पीछे से तेज गति से आ रहे रेत से भरे ट्रक ने उसके ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे धान के खेत में पलट गया। हादसे में वह और महिलाएं ऑटो के नीचे दब गए। इधर, शोरगुल सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और ऑटो को उठाकर महिलाओं को उसके नीचे से निकाला। नीचे दबने से सात महिलाओं को काफी चोटें आईं जबकि एक वृद्ध महिला केशो देवी (85) गंभीर रूप से घायल हो र्गइं अन्य को मामूली रूप से चोट लगी। इसके बाद वृद्धा को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। यहां उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मामले में पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में रिपोर्ट दर्जकर ली है।
पीछे से झटका लगा और ऑटो के नीचे दब गईं
हादसे में ऑटो के नीचे दबने से मंधार निवासी कृष्णा देवी, ओमप्रकाश, सलिंद्रो, चंद्रवती, सुखदेवी, पुष्पा, सुदेश सहित करीब नौ महिलाएं ऑटो के नीचे दबने से घायल हो गईं। घायल महिलाओं ने बताया कि अचानक से पीछे से झटका लगा और ऑटो सड़क किनारे धान के खेत में पलट गया। अधिकतर महिलाओं को गुम चोटें आईं हैं।
दो घंटे बाद पहुंची पुलिस
आसपास के लोगों का कहना है कि ऑटो पलटते ही महिलाओं ने शोर मचाया। जिसपर उन्होंने मौके पर जाकर महिलाओं को ऑटो के नीचे से निकाला। उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई थी। लेकिन सूचना मिलने पर भी जठलाना पुलिस करीब दो घंटे बाद पहुंची। जिससे मौके पर मौजूद लोगों में रोष रहा।
ट्रकों का कहर जारी, सप्ताहभर में छह की ले चुके हैं जान
जिले की सड़कों पर ट्रकों का कहर जारी है। हादसों के ग्राफ में रोजाना वृद्धि हो रही है। सप्ताहभर में हुए हादसों का आंकड़ा देखा जाए तो ट्रकों से सबसे अधिक हादसे हुए हैं। सात हादसों में से पांच हादसे ट्रकों के कारण हुए, जिनमें छह लोगों की जान चली गई। सबसे अधिक हादसे शहर के बीच से निकल रहे नेशनल हाईवे 73, 73ए व सहारनपुर कुरुक्षेत्र स्टेट हाईवे पर हुए।
सप्ताहभर में हुए मुख्य हादसे
- 11 अगस्त कर रात को जगाधरी पौंटा साहिब नेशनल हाईवे पर सरस्वती स्कूल के पास ट्रक की चपेट में आने गंगानगर कॉलोनी निवासी रोहित की मौत हो गई। बाद में परिजनों ने हाईवे पर जाम लगाया था।
- 12 अगस्त की रात को सहारनपुर कुरुक्षेत्र स्टेट हाईवे पर ममीदी के नजदीक कैंटर ने बाइक सवार दो युवकों और नौ साल के बालक को चपेट में लिया। जिसमें नौ वर्षीय दामला निवासी कर्णसिंह की मौत हो गई।
- 13 अगस्त को सढैल के नजदीक कार की टक्कर से बाइक सवार दराजपुरा निवासी प्रवीण की मौत हो गई।
- 14 अगस्त को जगाधरी पौंटा साहिब हाईवे पर अग्रसेन चौक के नजदीक एक पैलेस के सामने ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार रायपुरान गली निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर संजय वर्मा की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी सुधा वर्मा घायल हुई।
- 16 अगस्त को नेशनल हाईवे 73 पर विश्वकर्मा चौक के पास ट्रक की पीछे से टक्कर से बाइक सवार फौजी ममीदी निवासी धर्मेंद्र घायल हो गए, जबकि उसके तीन साल के बेटे रुद्र व 12 साल की बेटी कौशल की मौत हो गई।
रादौर जठलाना रोड पर हुए हादसे के बाद पुलिस मौके पर गई थी। ऑटो चालक राजकुमार की शिकायत पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। नंबर के आधार पर ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। जल्द ही आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- हरदीपेंद्र सिंह, एसएचओ, थाना जठलाना।
ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से बेटे की मौत, मां घायल
यमुनानगर। नेशनल हाईवे 73 पर कलानौर के नजदीक ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी मां घायल हो गई। यूपी के जिला सहारनपुर के गांव रामपुर मनियार निवासी दीपक (19) रविवार सुबह बाइक पर सवार होकर अपनी मां अंगूरी देवी के साथ बाड़ी माजरा में आ रहा था। जैसे ही वह चंडीगढ़ रुड़की नेशनल हाईवे 73 पर कलानौर के नजदीक पहुंचे तो सामने से तेज गति से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद अंगूरी देवी सड़क किनारे जा गिरी और दीपक सड़क पर गिर गया। जिसके बाद ट्रैक्टर ट्रॉली दीपक को कुचलते हुए आगे निकल गया। ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया। हादसे के बाद राहगीरों ने दोनों मां-बेटे को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां अंगूरी देवी को उपचार दिया गया। जबकि दीपक की हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। जैसे ही घायल दीपक को एंबुलेंस के माध्यम से पीजीआई ले जाने लगे तो कुछ दूर चलते ही उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।