काशीपुर। मोहल्ला खालसा निवासी प्रसून वर्मा एडवोकेट ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि रविवार रात करीब 11 बजे वह अपने मकान के गैराज में मोटरसाइकिल खड़ी कर रहे थे। उनके साथ भतीजे शुभम वर्मा और आशुतोष वर्मा भी थे।
इसी दौरान नशे में धुत्त चार युवकों ने उनके साथ गाली गलौच की, विरोध करने पर मारपीट पर उतारू हो गए। इनसे बचने के लिए वह घर के भीतर गए तो चारों युवक घर में घुस आए। कहा कि मारपीट में उनकी भौंह की हड्डी फ्रैक्चर हो गई।
कहा कि आरोपियों ने तमंचे की बट से हमलाकर आशुतोष को भी घायल किया और शुभम संग मारपीट कर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए। आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मेंद्र तुली के नेतृत्व में अधिवक्ताओं का शिष्टमंडल कोतवाल चंचल शर्मा से मिला।
कोतवाल ने इस मामले में कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। शिष्टमंडल में बार उपाध्यक्ष अशोक वैश्य, सचिव गिरीजेश खुल्बे आदि थे। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। खबर लिखे जाने तक मामले की प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी है।