रुद्रपुर। राह चलते लोगों के मोबाइल छीन कर फरार होने वाले दो झपटमारों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गये झपटमारों से पुलिस ने चालीस मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
राहगीरों से मोबाइल झपटने वालों के खिलाफ आादर्श कॉलोनी चौकी पुलिस ने मोर्चा खोल दिया है। पखवाड़े भर पूर्व जहां चौकी पुलिस ने झपटमारी के 60 मोबाइलों के साथ दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था वहीं बृहस्पतिवार को भी पुलिस ने झपटे गये 40 मोबाइलों के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आदर्श कॉलोनी में मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी देवेंद्र पींचा ने बताया कि काफी समय से आदर्श कॉलोनी चौकी पुलिस झपटमारों की धरपकड़ में जुटी थी। बुधवार देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तेल मिल के पास दो संदिग्ध बाइक सवार युवकों के पास भारी मात्रा में मोबाइल है और युवक उन्हें बेचने की योजना बना रहे हैं।
सूचना पर कोतवाल कैलाश चंद्र भ्ट के नेतृत्व में चौकी प्रभारी ओम प्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे और बाइक सवार युवकों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर युवकों के पास से विभिन्न कंपनियों के 40 मोबाइल बरामद हुए इसके आधार पर पुलिस दोनों युवकों को हिरासत में लेकर चौकी पहुंच गई। यहां पूछताछ में युवकों ने अपना नाम रंपुरा वार्ड नंबर सात निवासी असलम और अनिल बताया। युवकों के अनुसार उन्होंने रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों में राह चलते लोगों से उक्त मोबाइलों को झपटा था। वह लोग तीन से चार हजार रुपये में मोबाइल बेचते थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया है। एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने पुलिस टीम को ढाई हजार और एसपी सिटी देवेंद्र पींचा ने 1500 रुपये ईनाम देने की घोषणा की है। टीम में एसआई सैय्युदुल बहार, कांस्टेबल नीरज भोज, अनुज वर्मा, कृष्णा चंद्र और शंकर देवड़ी थे।