किच्छा में जयपुर से विवाह में शिरकत करने आये एक व्यापारी के जेब से दो किशोरों ने 25 हजार रुपये की नकदी पार कर ली। जेब से नकदी उड़ाने वालों को भीड़ ने पकड़कर जमकर धुनाई की और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। आरोपियों के कब्जे से दस हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
नाइस स्कूल के निकट रहने वाले हरीश कुमार के पुत्र का बुधवार रात को विवाह होना है। बताया जा रहा है कि वधू पक्ष जयपुर से आया हुआ है। बरेली रोड पर सिद्धेश्वर महादेव मंदिर के निकट वधू पक्ष के कुछ लोग खरीदारी कर रहे थे कि व्यवसायी वासुदेव की जेब से दो किशोरों ने रुपये निकाल दिए। शोरशराबा होने पर लोगों ने दोनों को मौके पर पकड़ लिया। भीड़ ने दोनों की जमकर पिटाई कर पुलिस के हवाले किया है। बताया जा रहा है कि दोनों नाबालिग हैं। इनमें एक सिरौली के इंदिरा नगर और दूसरा टीचर कॉलोनी का रहने वाला है। दोनों आरोपी स्मैक के आदि हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी है।