रुद्रपुर। रंपुरा चौकी क्षेत्र में रहने वाले एक युवक पर पुलिस को मुखबिरी करने का आरोप लगाते हुए दबंगों ने उसकी पिटाई कर दी, जिससे युवक चोटिल हो गया। चोटिल युवक के परिजनों ने चौकी पुलिस को मामले की तहरीर सौंपकर दबंगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
रंपुरा वार्ड नंबर आठ निवासी उर्मिला देवी ने चौकी पुलिस को सौंपी तहरीर में बताया कि एक सप्ताह पूर्व उनका बेटा राजू घर के बाहर स्थित अपनी दुकान में बैठा था। इसी दौरान वहां पहुंचे कुछ पुलिस कर्मियों ने उससे मोहल्ले में रहने वाले तीन युवकों के घर का पता पूछा।
शुक्रवार शाम राजू के दुकान में बैठने के दौरान ही मोहल्ले के तीन युवक वहां पहुंचे और राजू पर पुलिस की मुखबिरी करने का आरोप लगाते हुए उसकी पिटाई कर दी। आसपास के लोगों के जमा होने पर हमलावर युवक फरार हो गए। उर्मिला की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।