काशीपुर। क्षेत्र निवासी एक महिला को विदेश में नौकरी के सपने दिखाकर दिल्ली निवासी महिला ने दो लाख रुपये ठग लिए। रकम वापस मांगने पर आरोपी महिला ने अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने आईटीआई थाने में तहरीर देकर आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस को दी तहरीर में द्रोणासागर, जसपुर खुर्द निवासी नेहा सैनी ने कहा है कि 29 मई 2018 को वह अपनी दोस्त के जरिए मालवीयनगर, दिल्ली निवासी आकांक्षा से मिली थी। उक्त महिला ने उसे विदेश में जॉब दिलाने के नाम पर दो लाख रुपये की मांग की थी।
इस पर उसने 30 मई को अपने एक्सिस बैंक के खाते से उसके खाते में एक लाख रुपये जमा कर दिए। इसके साथ ही पचास हजार रुपये अपनी सहेली के अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद यह रकम 25-25 हजार कर आकांक्षा के खाते में डाल दिए गए। इसके बाद 18 जून 2018 को नेट बैंकिंग के द्वारा 25 हजार रुपये उक्त महिला के खाते डाले। बचे हुए 25 हजार रुपये अपने भाई के खाते से उसके खाते में जमा कराए।
कुछ समय बाद उक्त महिला से रकम की रसीद और कंपनी का विवरण मांगने पर उसने जुलाई के पहले हफ्ते में देने की बात कही। बाद में महिला ने कॉल उठाना भी बंद कर दिया। दस नवंबर को महिला ने आकांक्षा को फोन कर रकम वापस मांगी। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर उसने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।