काशीपुर। अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवक घायल हो गए। घायलों को सरकारी अस्पताल में पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर एक को हायर सेंटर रेफर कर दिया।
ग्राम गोपीपुरा निवासी बलवीर सिंह (22) पुत्र गुरुमुख सिंह पीरूमदारा में एक कार शोरूम पर काम करता है। रविवार को वह सामान लेने के लिए बाइक से काशीपुर आ रहा था। ग्राम रम्पुरा पर नीझड़ा निवासी सोनू की बाइक से उसकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बलवीर घायल हो गया, वहीं सोनू को मामूली चोट आई।
घायलों को 108 एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। उधर, ग्राम खड़कपुर देवीपुरा निवासी राजीव (40) पुत्र नौबत किसी काम से अलीगंज रोड पर साइकिल से जा रहे थे। एक ढाबा के पास अज्ञात वाहन उनकी साइकिल को टक्कर मारकर फरार हो गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को राहगीराें ने सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।