मृतक दुलाल विश्वास(फाइल फोटो)।
- फोटो : SITARGANJ
नानकमत्ता। जहरीले पदार्थ के सेवन से युवक की हालत बिगड़ गई। परिजन युवक को निजी अस्पताल ले गए जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया। परिजनों ने बहू पर ही युवक को जहरीला पदार्थ देने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शनिवार को नगर के वार्ड संख्या एक बंगाली कॉलोनी निवासी दुलाल विश्वास (38) पुत्र देवीलाल विश्वास की जहरीले पदार्थ का सेवन करने से हालत बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार घटना के समय घर पर आठ वर्षीय बच्ची डॉली और तीन वर्षीय अंशु मौजूद थे।
मृतक की पत्नी अनीता विश्वास घटना से थोड़ी देर पहले ही अपने मायके भरतपुर कॉलोनी यूरिया जिला पीलीभीत (यूपी) चली गई थी। युवक के जहरीले पदार्थ का सेवन करने की जानकारी होने पर पड़ोस में रहने वाले परिजन दुलाल को निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे अन्यत्र रेफर कर दिया। इस पर परिजन उसे शक्तिफार्म के निजी अस्पताल ले गए जहां इलाज के दौरान दुलाल ने दम तोड़ दिया।
थानाध्यक्ष देवेंद्र गौरव ने बताया कि मामले में मृतक की मां अनीता विश्वास और भाई मिंटू विश्वास ने मृतक की पत्नी पर ही जहरीला पदार्थ देने का आरोप लगा लगाया है। थानाध्यक्ष गौरव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह पता चल सकेगी। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
युवक की जहर का सेवन करने से मौत
खटीमा। संदिग्ध हालात में एक युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक ने जहर खाकर जान दी है। युवक की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के मुताबिक शनिवार देर शाम बंजारी निवासी जीवन सिंह कन्याल (22) ने अज्ञात कारणों के चलते जहर खा लिया। परिजन उसे बेहोशी की हालत में उप जिला चिकित्सालय ले गए जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया। रविवार को एसआई विजय सिंह बोहरा ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस के अनुसार युवक के जहर खाने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है। संवाद