नानकमत्ता। जेसीबी और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों बाइक से नानकमत्ता से आ रहे थे। हादसा नेशनल हाईवे पर सिद्धा के पास हुआ।
मंगलवार देर रात खटीमा के ग्राम उलधन निवासी दीपक सिंह राणा (23) पुत्र रामकिशन राणा और सुमित राणा (19) पुत्र विक्रम सिंह राणा के साथ बाइक से नानकमत्ता की ओर आ रहे थे। बाइक दीपक चला रहा था। सिद्धा के पास नानकमत्ता की ओर से जा रही जेसीबी से बाइक की टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक कई फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
थानाध्यक्ष केसी आर्य ने 108 एंबुलेंस से घायलों को नागरिक चिकित्सालय खटीमा भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने जेसीबी चालक को हिरासत में लेकर दुर्घटनाग्रस्त बाइक और जेसीबी को कब्जे में ले लिया है।
होली से पहले बुझ गए दो घरों के चिराग
सितारगंज। जब दोनों युवकों के शव गांव पहुंचे तो मातम पसर गया। होली के ठीक पहले दो घरों में जवान बेटों के मौत से परिजन बदहवास हो गए। बताया जा रहा है कि दीपक खेती-किसानी करता था। उसकी मां सुधा देवी, बड़ी बहन शिवानी और छोटे भाई धीरज राणा का रो-रोकर बुरा हाल था। सुमित राणा इकलौता बेटा था। वह सिडकुल पंतनगर में किसी कंपनी में काम करता था। मां सरिता देवी बेटे का शव देखकर बेसुध हो गईं।
दीपक सिंह राणा। (फाइल फोटो)- फोटो : SITARGANJ