नगर पालिका के ठेकेदार पर जानलेवा हमला हो गया। हमले से ठेकेदार के सिर पर गंभीर चोटें लगी हैं। घायल ठेकेदार ने जेई पर गालीगलौज करते हुए नाला निर्माण के भुगतान पर कमीशन मांगने का आरोप लगाया। आरोप है कि जेई ने धारदार हथियार से उनके सिर पर हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जेई के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वार्ड संख्या दो निवासी इकशाद अहमद पटौदी बसपा के विधानसभा क्षेत्र प्रभारी हैं और पालिका में पंजीकृत ठेकेदार हैं। इकशाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वार्ड संख्या नौ चिंतीमजरा प्राथमिक स्कूल से बाईपास मार्ग तक नाला बनाने के टेंडर पर काम मिला था, जो पूरा कर दिया गया। इसका करीब सात लाख रुपये भुगतान मिल गया था और शेष भुगतान होना है। बुधवार को दोपहर करीब 2:45 बजे वह पालिका पहुंचे। उन्होंने पालिका के अवर अभियंता (जेई) से नाला निर्माण के कार्य की फाइनल एमबी कर भुगतान दिलाने की बात कही। आरोप लगाया कि भुगतान की बात कहते ही जेई आगबबूला हो गए और गालीगलौज करते हुए कहने लगे कि रनिंग पेमेंट का कमीशन करीब 21,400 रुपये अभी तक नहीं दिए। शेष भुगतान मांगने की हिम्मत कैसे की।
आरोप लगाया कि जेई ने उन्हें धक्का देकर दफ्तर से बाहर निकाल दिया और दफ्तर के सामने खड़ी कार से धारदार हथियार निकालकर जान से मारने की नीयत से उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं हैं। वहां मौजूद लोगों ने बचाया तो आरोपी जेई जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। सीओ भूपेंद्र सिंह भंडारी के आदेश पर कोतवाल सलाहउद्दीन खान ने आरोपी जेई के खिलाफ धारा 324, 307, 504 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पालिका बोर्ड ने घटना पर जताई नाराजगी
सितारगंज। पालिका बोर्ड के जनप्रतिनिधियों व ठेकेदारों ने घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए विरोध किया है। उन्होंने कोतवाल से मिलकर मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की। पालिकाध्यक्ष हरीश दुबे ने कहा कि पालिका में शांति व्यवस्था बनी रहे। इस तरह के झगड़े करने वाले कर्मचारी नहीं होने चाहिए। तत्काल आरोपी जेई को हटाकर उनके स्थान पर अन्य जेई की नियुक्ति की जाए। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि इससे पहले एसडीएम, डीएम, मुख्य सचिव, शहरी विकास निदेशक व शहरी विकास मंत्री को पत्र लिखकर जेई को हटाने की मांग कर चुके हैं। बोर्ड ने भी जेई के खिलाफ प्रस्ताव पारित कर रखा है। कहा कि लगातार जेई को हटाने की मांग की गई, अगर जेई को हटा दिया होता तो शायद आज ये घटना न होती। इधर, पालिका के ठेकेदारों ने भी जेई के खिलाफ आक्रोश जताया। उन्होंने तत्काल आरोपी जेई को हटाने व कानूनी कार्रवाई की मांग की। वहां पालिका सभासद पंकज रावत, रवि रस्तोगी, सचिन गंगवार, जहूर इस्लाम, जिलानी अंसारी, सलीम रिजवी आदि थे। (संवाद)
ठेकेदार पर जानलेवा हमले का आरोप गलत है। ठेकेदार की ओर से नगर में चल रहे निर्माण कार्यों का भुगतान करने का दबाव बनाया गया। भुगतान करने से मना किया तो ठेकेदार ने हाथ पकड़ा, पैर अड़ाकर गिराना चाहा और धक्कामुक्की की। ठेकेदार को चोटें कैसे लगीं, इसकी जानकारी नहीं है। - रावेंद्र सिंह, जेई, नगर पालिका परिषद सितारगंज।
तिरगंज सरकारी अस्पताल में इलाज कराते पालिका के पंजीकृत ठेकेदार इकशाद अहमद पटौदी।- फोटो : SITARGANJ