गदरपुर। संदिग्ध हालात में एक किशोरी का शव घर में फंदे पर लटका मिला। परिजन किशोरी का अंतिम संस्कार करने लिए श्मशान घाट पहुंचे ही थे कि एक सूचना पर वहां पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गदरपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर दो निवासी 17 वर्षीय एक किशोरी का शव घर में फंदे पर लटका मिला। परिजनों के अनुसार घटना के समय वह घर पर नहीं थे। पिता मजदूरी करने और मां राशन लेने गई थी जबकि भाई-बहन स्कूल गए हुए थे। दोपहर करीब एक बजे किशोरी के पिता घर पर आए तो बेटी का शव फंदे पर लटका देखा। आसपास के लोगों की मदद से शव को नीचे उतारा गया।
घटना से बदहवास परिजन किशोरी का अंतिम संस्कार करने की तैयारी में जुट गए। करीब तीन बजे किसी ने पुलिस को किशोरी की संदिग्ध हालात में मौत होने की सूचना दी। इस पर एसआई महेश चंद महिला पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले जा चुके थे। पुलिस टीम ने श्मशान घाट पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। मृतक किशोरी आठ बहन-भाइयों के परिवार में दूसरे नंबर की थी। संवाद