रुद्रपुर। काशीपुर से स्कूटी पर रुद्रपुर लौट रहे मेडिकल रीप्रजेंटेटिव को गदरपुर में डंपर ने रौंद दिया। करीब ढाई घंटे तक तड़पने के बाद युवक की मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर चालक पर कार्रवाई की मांग की है।
कानपुर नगर के लाल बंग्ला, नई सब्जी मंडी निवासी मनीष शुक्ला (32) पशु चिकित्सा से जुड़ी कंपनी में मेडिकल रीप्रजेंटेटिव के पद पर तैनात थे। वह रुद्रपुर के दक्ष चौराहे के पास किराये पर कमरा लेकर रह रहे थे। रविवार शाम वह काशीपुर से चलकर रुद्रपुर की तरफ आ रहे थे। आरोप है कि रात करीब साढ़े आठ बजे गदरपुर में सूरजपुर के पास नवीन मंडी स्थल के सामने तेज रफ्तार से आ रहे अनियंत्रित डंपर ने उनकी स्कूटी को रौंद दिया।
परिजनों के अनुसार मनीष शुक्ला घायल होकर सड़क पर गिर गए। करीब ढाई घंटे तक वह सड़क पर ही पड़े रहे। पास से गुजर रहे राहगीरों ने भी मानवता नहीं दिखाई। इस बीच चाय की दुकान लगाने वाली महिला की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से युवक को जिला अस्पताल रुद्रपुर ले गया। ईलाज के दौरान मनीष की मौत हो गई। जीजा चंद्रभूषण अग्निहोत्री ने मृतक को अपना साला बताते हुए पुलिस कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है। संवाद