गदरपुर पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।
- फोटो : RUDRAPUR
पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमले के मामले में फरार चल तीसरे आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस दो आरोपियों को पहले ही जेल भेज चुकी है।
शुक्रवार को कांस्टेबल राकेश प्रसाद और उमेश जोशी को गश्त के दौरान ग्राम खुशालपुर रोड स्थित श्मशानघाट के पास बाइक सवार तीन संदिग्ध युवक आते दिखे थे। पुलिसकर्मियों के रोकने पर आरोपियों ने तमंचे से दो फायर पुलिस कर्मियों पर झोंक दिए थे। एक आरोपी ने पाटल से हमले की कोशिश की थी। जानलेवा हमले में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए थे।
दोनों पुलिसकर्मियों की बाइक सड़क पर फिसलने की वजह से क्षतिग्रस्त होने के साथ ही उनका मोबाइल भी टूट गया था। पुलिस ने मामले में पिंटू निवासी ग्राम कलकत्ता गदरपुर और सुखविंदर निवासी अज्जूवाला मिलक खानक रामपुर (यूपी) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। प्रभारी थानाध्यक्ष प्रकाश चंद भट्ट ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिसकर्मियों ने सकैनिया बाजार से तीसरे आरोपी जोगेंद्र सिंह उर्फ जोगा निवासी अज्जूवाला मिलक खानम को गिरफ्तार कर लिया था।