सितारगंज। सुनसान सड़क पर ले जाकर दो युवकों ने एक युवक पर लोहे की राॅड से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
नगर पंचायत शक्तिगढ़ के वार्ड नंबर चार निवासी ऋषि सिंघल ने पुलिस को बताया कि एक जुलाई की रात को वह घर में सोया था।
तभी रात में करीब साढ़े बारह बजे शिव मंदिर वार्ड निवासी हर्ष मालिक और गूलरभोज निवासी निखिल कालड़ा स्कूटी से उसके घर आए। उसे बाहर बुलाया और कहा कि उसका फोन कहीं गुम हो गया है। फोन खोजने में उसकी मदद चाहिए। ऋषि उनके साथ स्कूटी पर बैठकर चला गया।
दोनों उससे बाराकोली रेंज के जंगल में स्थित वनशक्ति मंदिर के पास ले गए। वहां स्कूटी रोक और उसमें रखी राॅड निकालकर उसके सिर पर वार कर दिया।
इससे उसका सिर फट गया। उसने जंगलों में भागकर, झाड़ियों में छिपकर अपनी जान बचाई। दोनों युवकों ने उसे जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।