पंतनगर। साइबर अपराधियों ने एक युवती से आनलाइन वर्क फ्रॉम होम से कमाई के नाम पर आठ लाख 77 हजार 394 रुपये ठग लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मेट्रोपोलिस सिटी रुद्रपुर निवासी नितिका पांडेय ने साइबर सेल को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि बीती दो जनवरी को उसके व्हाट्सएप पर अज्ञात नंबर से आनलाइन वर्क फ्रॉम होम का मैसेज आया था। चार जनवरी को पुनः अज्ञात नंबर से से मैसेज आया और उसने उसे कार्य करने की प्रक्रिया बताई।
इसमें एक लिंक डाउनलोड करके अकाउंट बनाना था। उसने उनके दिए स्टेप्स फॉलो किए और बाद में उन्होंने प्रॉफिट और बोनस के लिए दूसरा नंबर दिया। इस नंबर से उसे अकाउंट नंबर बताए जाते और उसे उसमें धनराशि ट्रांसफर करना होता था।
उसने सात और आठ जनवरी को पैसा जमा किया। जब निकासी का समय आया तो उसे डबल प्रॉफिट का लालच दिया जिसमें वह फंस गई और उनके दबाव में आकर नौ जनवरी को भी धनराशि ट्रांसफर कर दी।
अज्ञात व्यक्ति ने खुद को रेंट कंपनी का प्रतिनिधि बनकर झांसे में लिया और सात से नौ जनवरी तक आठ लाख 77 हजार 394 रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी कर ली। ठगी का अहसास होने पर उसने आनलाइन 1930 नंबर पर शिकायत करने के साथ ही साइबर थाने से संपर्क किया। पुलिस ने केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।