गांव रम्पुराकाजी के कामरेड का डेरा निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर मृतक के पिता सहित सात लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
शनिवार देर रात मनजीत सिंह (31) के घर में आकर कुछ लोगों ने मारपीट की। परिजन मनजीत को अचेत अवस्था में बाजपुर के सीएचसी लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर थाना प्रभारी भुवन चंद जोशी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार को सुबह मृतक की पत्नी सिमरन कौर ने थाने में तहरीर देकर बताया कि मृतक के पिता सहित अन्य परिजन कच्ची शराब का कारोबार करते हैै। शनिवार देर शाम उसका पति मनजीत सिंह मजदूरी करके घर लौटा था।
इस दौरान मनजीत सिंह ने अपने पिता सहित अन्य परिजनों को शराब बेचने से मना किया था। परिजनों ने लाठी डंडों से पीटकर उसके पति को अधमरा कर दिया। इसके बाद उन्हें अचेत अवस्था में सीएचसी लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी भुवन चंद्र जोशी ने बताया कि मृतक के पिता मक्खन सिंह, भाई देवराज उर्फ मलकीत सिंह, बहनोई नानक सिंह, बहन प्रियंका कौर, अमरजीत सिंह, सोना सिंह, कुलदीप सिंह विरुद्ध 302 समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)
रात्रि मेें पुलिस को मिली थी उत्पात मचाने की सूचना
केलाखेड़ा। थाना प्रभारी बीसी जोशी ने बताया कि मृतक के भाई मलकीत सिंह ने 112 पर कॉल कर सूचना दी थी कि उसका भाई मनजीत सिंह शराब के नशे में ग्रामीणों के साथ मारपीट कर उत्पात मचा रहा है। इस सूचना पर चीता मोबाइल टीम को मौके पर भेजा गया था। मनजीत सिंह की हालत गंभीर होने पर उसे सीएचसी बाजपुर भेजा गया था। एसओ ने बताया कि मृतक के तीन बच्चों में अमनदीप सिंह (6), रमनदीप कौर (9) सुमनदीप कौर (7) हैं। (संवाद)