खोखा व्यवसायी को कार से रौंदने के आरोपी कांस्टेबल के बारे में नया खुलासा हुआ है। आरोपी कांस्टेबल प्रवीन ने गौरव रूहेला को कुचलने से पहले कार सवार दो युवकों के साथ भी मारपीट कर जख्मी कर धमकी देकर भगा दिया था। गांव चंदनपुर निवासी एक युवक ने शुक्रवार को कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी कांस्टेबल पर मारपीट कर घायल करने, मोबाइल छीनने और धमकी देने आरोप लगाया है।
शुक्रवार को कोतवाली में दी तहरीर में गांव चंदनपुरा निवासी परमजीत सिंह ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे वह कार से अपने एक साथी के साथ बाजार आए थे। इस दौरान उन्होंने हल्द्वानी रूट के निजी बस स्टैंड पर कार खड़ी कर दी। कार से उतरकर उनका साथी प्रदीप सिंह नजदीक स्थित खोखे से कुछ सामान खरीदने गया था। इस दौरान सिविल ड्रेस में एक व्यक्ति ने अभद्रता करते हुए यहां पर कार कैसे खड़ी है कि धमकी दी।
साथ कहा कि मैं पुलिस वाला हूं। कार लेकर थाने चलो। विरोध करने पर आरोपी सिपाही ने मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया जबकि उनका साथी चोटिल हो गया। कुछ देर बाद वही सिपाही दूसरी गाड़ी से आया और ब्लॉक के पीछे उन्हें रुकवाकर उनका और उनके साथी का मोबाइल छीन लिया और धमकी देकर उन्हें भगा दिया। इधर एसएसआई देवेंद्र गौरव ने बताया कि थाने में ऐसी कोई तहरीर नहीं आई है। (संवाद)
गौरव के घर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का दूसरे दिन भी लगा रहा तांता
बाजपुर। खोखा स्वामी गौरव रूहेला की मौत के दूसरे दिन भी उनके घर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा। परिवहन मंत्री यशपाल आर्य, शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय, पूर्व सांसद बलराज पासी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने मृतक के घर जाकर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। दोनों मंत्रियों ने घटना की निंदा करते हुए पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि उन्हें न्याय जरूर मिलेगा।
बता दें कि बुधवार रात को हल्द्वानी रूट के निजी बस स्टैंड पर सिगरेट के रुपये मांगने पर सिपाही प्रवीन ने कार से खोखा स्वामी गौरव रूहेला को कुचलकर मौत के घाट के उतार दिया था। हंगामा के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी सिपाही प्रवीन, उसके साले जीवन और साथी गौरव राठौर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
शुक्रवार को मृतक केे घर पहुंचे कैबिनेट मंत्री आर्य ने डीजीपी अशोक कुमार से मोबाइल बातचीत कर पुलिस की कार्यप्रणाली में सुधार लाने, आरोपी सिपाही प्रवीन और नाइट अफसर रहे एसआई अनिल जोशी पर कठोर कार्रवाई करने को कहा। आर्य ने सीएम रावत से बातचीत कर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिलाने में कोशिश करने की बात भी कही। मृतक के परिवार की ओर से एक मांग पत्र कैबिनेट मंत्री आर्य को दिया गया, जिसमें दोषियों पर कठोर कार्रवाई, आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, घायलों का इलाज सरकारी खर्चे पर कराने और पीड़ित परिवार की सुरक्षा देने की मांग की गई है। वहां मृतक के चाचा महेश रूहेला, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष विकास गुप्ता, डीके जोशी, महीपाल यादव, राजकुमार, अनिल वाल्मीकि, सोनू कंग, संजय रूहेला, मुकुंद शुक्ला, विमल शर्मा, राहुल वर्मा, तनवीर अहमद आदि थे।
इधर, कैबिनेट मंत्री आर्य के जाने के कुछ देर बाद शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय और पूर्व सांसद पासी भी मृतक के घर शोक संवेदनाएं व्यक्त करने पहुंचे। कैबिनेट मंत्री पांडेय को भी पीड़ित परिवार की ओर से मांग पत्र सौंपा गया। शिक्षा मंत्री पांडेय ने कहा कि आरोपी कांस्टेबल पर ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए कि ऐसी घटना दोबारा ना हो। सिपाही प्रवीन ने जघन्य अपराध कर प्रदेश की पुलिस को बदनाम करने का काम किया है। पांडेय ने दो-टूक कहा कि पुलिस या किसी भी अन्य महकमे के अधिकारियों और कर्मचारियों को बेलगाम नहीं होने दिया जाएगा। प्रदेश सरकार पर धब्बा नहीं लगने देंगे। वहा मंजीत सिंह राजू, खीम सिंह दानू, अशोक कांबोज, टिंकू यादव, संजय रूहेला, अनुज तिवारी, कुकी चीमा, अरविंद दिवाकर, राजू चंद्रा आदि थे। संवाद
बाजपुर मृतक गौरव रूहेला के घर शोक संवेदना जताते शिक्षा मंत्री पांडये और पूर्व सांसद पासी।- फोटो : BAZPUR