रुद्रपुर। कोरोना के केस बढ़ने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग टीकाकरण का लक्ष्य पूरा नहीं कर पाया है। जिले में पहली डोज का टीकाकरण 96.5 और दूसरी डोज का टीकाकरण अब तक 88.5 प्रतिशत हो सका है।
सितारगंज ब्लॉक में सबसे कम 83 प्रतिशत लोगों ने ही कोरोना की दूसरी डोज लगाई है। इसके साथ ही काशीपुर में भी अब तक सिर्फ 83.5 प्रतिशत लोगों ने दूसरी डोज लगाई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अधिकतर लोग वैक्सीन की पहली डोज लगवा चुके हैं।
जो लोग टीकाकरण के लिए नहीं पहुंचे हैं, उनके दूसरे राज्यों में जाने अथवा वर्तमान में जिले न रहने की संभावना है। जिले में वैक्सीनेशन के लिए 13 लाख, 99 हजार, 473 लोग चिह्नित हैं। इनमें 13 लाख, 50 हजार, 790 लोग पहली और 11 लाख, 96 हजार, 164 लोग दूसरी डोज लगवा चुके हैं।
किशोरों का टीकाकरण भी अधूरा
रुद्रपुर। जिले में 15 से 18 वर्ष के किशोरों के टीकाकरण का लक्ष्य भी अब तक पूरा नहीं हो सका है। टीकाकरण के लिए जिले में एक लाख, 13 हजार, 771 किशोर चिह्नित किए गए हैं, इनमें अब तक 73 हजार, 557 का ही टीकाकरण हुआ है। यह लक्ष्य का करीब 64 प्रतिशत है। संवाद