रुद्रपुर। जिले में कोरोना वैक्सीन लगाए बगैर ही दूसरी डोज लगने के एसएमएस आने से लोग परेशान हैं। जिस कारण कई लोग कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज नहीं लगवा पा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इसे कोविन पोर्टल की डाटा एंट्री से संबंधित गड़बड़ी बता रहे हैं। इसकी शिकायत प्रदेश व भारत सरकार से की गई है।
जिले में कोरोना वैक्सीन की पहली डोज का लक्ष्य लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन दूसरी डोज का लक्ष्य अभी करीब 85 ही पूरा हो सका है, लेकिन कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने के लिए टीकाकरण केंद्रों पर पहुंच रहे कुछ लोगों को दूसरी डोज का टीका लगाए जाने का एसएमएस आने के बाद बैरंग लौटाया जा रहा है।
शिवनगर निवासी एक मैकेनिक ने बताया कि उसने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगवा ली थी, लेकिन उसके मोबाइल पर दूसरी डोज लगने भी एसएमएस आया था। बुधवार को वह वैक्सीन लगाने के लिए टीकाकरण केंद्र पर पहुंचा तो वहां तैनात स्वास्थ्य कर्मियों ने दूसरी डोज लगने का एसएमएस आने की बात कहकर टीका नहीं लगाया। इसी तरह इंदिरा कालोनी निवासी महिला का भी कहना था कि उनके मोबाइल नंबर पर भी दूसरी डोज का टीका लगने का एसएमएस आया है, लेकिन उन्होंने अभी तक दूसरी डोज नहीं लगाई है।
इधर, टीकाकरण अभियान के जिला नोडल अधिकारी डॉ. हरेंद्र मलिक ने बताया कि कोविन पोर्टल में एक ही मोबाइल नंबर कई लोगों के नाम दर्ज होने से कई बार दूसरी डोज लगने का भी एसएमएस आ रहा है। लेकिन इस तरह की समस्या आने पर पीड़ित कंट्रोल रूम में शिकायत कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि कोविन पोर्टल से जुड़ी इस समस्या की शिकायत प्रदेश सरकार के माध्यम से भारत सरकार से भी की जा चुकी है।