होली में सड़क पर खुलेआम हुड़दंग काटने व रास्ता नहीं देने से गुस्साए युवकों ने बाइक सवार दंपति से पहले अभद्रता व मारपीट की। इससे भी गुस्सा शांत नहीं हुआ, तो युवकों ने दंपति के सुसराल जाकर फायरिंग कर गर्भवती महिला से जमकर मारपीट की। युवकों की इस दबंगई व फायरिंग में एक महिला को छर्रे व पथराव में एक राहगीर भी गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़िता की मां ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
बृहस्पतिवार को ट्रांजिट कैंप क्षेत्र की नारायण कालोनी के रहने वाले बाइक सवार दंपति होली मिलने कृष्णा कालोनी निवासी अपनी सास संतोष देवी के घर जा रहे थे। इसी बीच सड़क बीचोंबीच आधा दर्जन युवक हुड़दंग व राहगीर को निकलने का रास्ता नहीं दे रहे थे।
जिसका बाइक सवार दंपति ने विरोध किया तो गुस्से से बौखलाए हुड़दंगी युवकों ने पहले दंपति से अभद्रता की और हाथापाई करने लगे। बमुश्किल दामाद अपनी ससुराल पहुंचा और आपबीती बताने लगा कि कुछ ही देर में एक बार फिर वहीं हुडदंगी युवक हथियारों से लैस होकर ससुराल आ धमके और वहां मौजूद महिलाओं व परिजनों पर पथराव करते हुए तीन राउंड फायर कर दिए।
जिससे गर्भवती महिला सोनी के पैर में छर्रे लगने से वह लहूलुहान होकर गिर गई। इसके बाद हमलावरों ने घर में घुसकर दामाद व सास को भी जमकर पीटा। हुड़दंगियों की ओर से किए गए पथराव में ललित कुमार निवासी शास्त्री नगर को भी गंभीर चोटें आई। घायलों को जिला अस्पताल में ले जाया गया। थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों की तलाश में दबिश जारी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गर्भवती महिला की बहादुरी के आगे तमंचा छोड़ भागे हुड़दंगी
मायके पर अचानक हुए हमले के दौरान आधा दर्जन हथियारबंद हुड़दंगियों से गर्भवती सोनी ने हमलावर हुड़दंगियों से डटकर मुकाबला किया। जिस वक्त आधा दर्जन युवक उसके पति व मां पर एक युवक द्वारा तमंचा ताना देख गर्भवती सोनी ने बहादुरी का परिचय देते हुए तमंचे पर जोर से पकड़ लिया और शोर मचाने लगी।
12 बोर के तमंचे से चली गोली सोनी के पैर पर लगी। बावजूद इसके उसने हिम्मत नहीं हारी। आखिरकार हमलावर युवकों को सोनी की बहादुरी के आगे झुकना पड़ा और हमलावर तमंचा छोड़कर भाग गए। बाद में सोनी ने वहां पहुंची पुलिस को तमंचा बरामद करवाया।