खटीमा। कोरोना वायरस को लेकर नेपाल सीमा से सटे क्षेत्र में बृहस्पतिवार को चौथे दिन भी अलर्ट रहा। मेलाघाट में कोरोना वायरस स्क्रीनिंग कैंप में 27 लोगों की जांच की गई। किसी में वायरस का कोई लक्षण नहीं मिला है। इधर, नागरिक चिकित्सालय में छह बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है।
बृहस्पतिवार को मेलाघाट में एसएसबी चौकी के पास कैंप में डॉ. साक्षी आर्या और डॉ. उमेश गुप्ता ने आने-जाने वाले 27 लोगों की स्क्रीनिंग की। साथ ही 60 से अधिक लोगों को जागरूक किया। डॉ. साक्षी ने बताया कि नेपाल के बाबाथान की संदिग्ध बुुखार से पीड़ित मिली युवती किरन से फोन से संपर्क कर स्वास्थ्य की जानकारी लेने का प्रयास किया गया लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। शुक्रवार को भी संपर्क का प्रयास किया जाएगा। इधर, नागरिक अस्पताल के डॉ. वीपी सिंह ने बताया कि अस्पताल में बने आइसोलेशन वार्ड में जरूरी दवा आदि उपलब्ध करा दी हैं। स्वास्थ्य टीम ने क्षेत्र के नगरा तराई, रघुलिया, सरपुड़ा आदि में ग्रामीणों को कोरोना वायरस के प्रति जागरूक किया।