पंतनगर। जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विवि में कार्यरत करीब तीन हजार ठेका कर्मचारियों को बीते दो माह (जनवरी-फरवरी) का वेतन नहीं मिला है। इस पर सोमवार को विवि चिकित्सालय के सभी इमरजेंसी और ओपीडी ठेका कर्मियों ने कार्य बहिष्कार कर अस्पताल के गेट पर धरना-प्रदर्शन किया। इसके चलते मरीजों को परेशानी हुई।
करीब तीन घंटे चले कार्य बहिष्कार के बाद चिकित्सालय प्रभारी के मंगलवार तक वेतन भुगतान के आश्वासन पर ठेका कर्मी काम पर लौट गए। उन्होंने चेताया यदि मंगलवार को वेतन नहीं मिला तो बुधवार से पूरी तरह काम बंद कर दिया जाएगा। बताया कि उन्हें करीब आठ हजार वेतन मिलता है। वह भी समय से न मिलने के कारण घर चलाने में बहुत दिक्कत आती है और बच्चों की फीस आदि भी समय पर जमा नहीं हो पाती। धरने में सत्येंद्र मिश्रा, राजेंद्र चिंडालिया, राजू कार्की, बेबी तबस्सुम आदि मौजूद थे।