फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udham Singh Nagar News: दिनेशपुर में सिलिंडर नहीं मिलने पर उपभोक्ताओं का प्रदर्शन

Fri, 13 Mar 2026 12:41 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊधम सिंह नगर
विज्ञापन
दिनेशपुर में गैस एजेंसी के बाहर हाथ में सि​लिंडर लेकर प्रदर्शन करते लोग। संवाद
विज्ञापन
दिनेशपुर। एलपीजी सिलिंडर न मिलने से गुस्साए लोगों ने बृहस्पतिवार को भारत गैस एजेंसी के सामने प्रदर्शन और नारेबाजी की। उपभोक्ताओं का आरोप है कि दो दिन से लाइन में लगने के बावजूद उन्हें समय पर सिलिंडर नहीं मिल रहा है। इस कारण उनके घरों में खाना तक नहीं बन पा रहा है। इस दौरान लोगों में गैस एजेंसी प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ आक्रोश देखा गया।
विज्ञापन

नगर और क्षेत्र के लोगों को घरेलू गैस की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। घंटों लाइनों में लगने के बाद भी उन्हें सिलिंडर नही मिल रहे हैं। ऑनलाइन बुकिंग भी नहीं हो पा रही है। गूलरभोज मार्ग पर स्थित भारत गैस एजेंसी में लगातार दूसरे दिन भी सुबह से लाइनों में लगने के बाद भी उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं मिले।
वादे के बाद भी जब दोपहर तक सिलिंडर की गाड़ी नहीं पहुंची तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने एजेंसी के बाहर जमकर हंगामा काटते हुए प्रदर्शन किया और शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। हंगामे की सूचना पर दोपहर बाद एसडीएम ऋचा सिंह ने उपभोक्ताओं से जानकारी ली और पूर्ति अधिकारी से बात कर आपूर्ति सुचारु करने के निर्देश दिए। वहां सभासद नित्यानंद मंडल, शंकर सरकार, विक्की राय, अमित सरकार, निताई मंडल, सुनीता देवी, ज्योत्सना मंडल, कृष्णा सिंह आदि थे। संवाद
विज्ञापन





किच्छा एसडीएम ने गैस एजेंसियों का किया निरीक्षण

किच्छा। एसडीएम गौरव पांडेय ने बृहस्पतिवार को सीओ और तहसीलदार के साथ नगर की विभिन्न गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया। साथ ही एजेंसी संचालकों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने गैस एजेंसी संचालकों से कहा कि जिन क्षेत्रों में उनकी गाड़ी होम डिलेवरी के लिए जाए उसकी सूचना पुलिस व आपूर्ति विभाग के ग्रुप में अवश्य शेयर करें ताकि व्यवस्था सुचारु चले। बाद में उन्होंने पत्रकारों को बताया कि गैस की कोई कमी नहीं है। जिन उपभोक्ताओं की गैस की बुकिंग हो चुकी है। सर्वर चालू होने के बाद उनके घर तक गैस सिलिंडर पहुंचाया जाएगा। वहां तहसीलदार गिरीश चंद त्रिपाठी, सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी, कोतवाल प्रकाश सिंह दानू मौजूद रहे। संवाद


एडीएम और एसपी क्राइम ने लिया गैस एजेंसियों का जायजा

रुद्रपुर। डीएम नितिन सिंह भदौरिया के निर्देश पर एडीएम पंकज उपाध्याय और एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी ने बृहस्पतिवार को इंडेन गैस गोदाम काशीपुर बाईपास, भारत गैस एजेंसी गोदाम भूरारानी और भारत गैस गोदाम रामपुर रोड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया कि बुकिंग संख्या और सिलिंडर की आपूर्ति संख्या में संतुलन बना हुआ है। एडीएम ने बताया कि जिन लोगों की बुकिंग ऑनलाइन नहीं हो पा रही है वे लोग बिना बुकिंग गैस गोदाम पर पहुंच रहे हैं जिससे समस्या हो रही है। उन्होंने बताया कि इंडेन गैस सर्विस ने ऑफलाइन गैस बुकिंग की सुविधा भी शुरू कर दी है। भारत गैस में ऑनलाइन बुकिंग हो रही है फिर भी जिसकी बुकिंग नहीं हो पाई है उनकी बुकिंग एजेंसी के लोग एजेंसी पर ही ऑनलाइन कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील है कि धैर्य बनाए रखें घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य है। ब्यूरो
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें