रुद्रपुर। शहर क्षेत्र की शांति विहार से छतरपुर को जाने वाली सड़क जगह-जगह टूटकर गड्ढे में परिवर्तित हो गई है। विभाग को कई बार सूचना दिए जाने के बाद भी कोई कार्रवाई न होने पर क्षेत्रीय लोगों ने कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया। इसका असर रहा कि दूसरे दिन ही पीडब्ल्यूडी के लोग पहुंचे और सड़क निर्माण का कार्य शुरू करा दिया।
शांति विहार से छतरपुर को जाने वाली सड़क के निर्माण को लेकर पहले भी कई बार पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से मिलकर लोगों ने सड़क निर्माण कराने की मांग की थी। लोगों की शिकायत पर सांसद अजय भट्ट ने भी अधिकारियों को निर्देशित किया था। इसके बावजूद विभाग की कान पर जू तक नहीं रेंगी। क्षेत्रीय लोगों ने शनिवार को कार्यालय पहुंच प्रदर्शन किया था। रविवार को पीडब्ल्यूडी की तरफ से सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया गया। पार्षद सुशील चौहान ने बताया कि पीडब्ल्यूडी की तरफ से आज सुबह से गिट्टी गिराकर निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। इस अवसर पर अमन पाठक, सुशील मोदी, अजीत कुमार, परमजीत तोमर, रूपेश अग्रवाल, अमित, सुभाष, हरेंद्र चहल, अंबा दत्त जोशी, अजय वाधवा आदि मौजूद रहे।