चुटकी देवरिया में बने टोल प्लाजा पर वाहनों से टोल वसूल रही गल्फार कंपनी और एनएचएआई की आपसी खींचतान के कारण हाइवे निर्माण का कार्य अधर में लटक गया है। हाइवे पर गल्फार कंपनी ने टोल वसूलना तो शुरू कर दिया, लेकिन निर्माण कब पूरा होगा इसका कंपनी के पास कोई जवाब नहीं है। हालांकि जिला प्रशासन ने कंपनी को शीघ्र काम शुरू करने का नोटिस दिया है, लेकिन कंपनी के अधिकारी एनएच द्वारा जमीन उपलब्ध ना करवाने और निर्माण के लिए अधिग्रहण की गई जमीन को विवादित बताकर टालमटोली कर रहे हैं।
गल्फार कंपनी को अक्तूबर की पहली तारीख से हाइवे पर बाकी बचा काम पूरा करना था, लेकिन महीना बीतने को है, लेकिन काम शुरू नहीं किया गया। एसडीएम नरेश चंद दुर्गापाल ने काम शुरू करने के लिए कंपनी को कड़ा पत्र लिखा। इधर, गल्फार के एक अधिकारी के अनुसार, मुख्य रूप से किच्छा के प्रवेश द्वार पर स्थित आदित्य चौक के निकट श्मशानघाट के सामने और पुलभट्टा के निकट काम होना है। इसके अलावा ग्रामसभा शिमला के निकट एक स्थान पर हाइवे अधूरा है। इन सभी स्थानों पर जमीन अभी विवादित है। बताया कि हर स्थान पर जमीन मालिक अदालत से स्थगनादेश लाये हुए हैं। बताया कि ऐसे में कंपनी निर्माण कार्य कैसे शुरू करे।
इधर निर्माण कार्य बंद होने से लोगों को भारी परेशानी और दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है। एसडीएम नरेश चंद दुर्गापाल से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को जिलाधिकारी डा. नीरज खैरवाल द्वारा एनएच के अधिकारियों के साथ बैठक तय कर रखी थी, लेकिन किन्ही कारणों से यह बैठक स्थगित कर दी गई। बृहस्पतिवार को सरकारी अवकाश होने के कारण कंपनी को शेष बचे काम की सूची के साथ शुक्रवार को तलब किया गया है। गल्फार को हाइवे पर बाकी बचे काम को शीघ्र पूरा करने के लिए पत्र लिखा गया है। शुक्रवार को स्थिति स्पष्ट हो जाएगी