पंतनगर। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व दर्जामंत्री डाॅ. गणेश उपाध्याय ने सचिव नागर विमानन और सीएम पुष्कर सिंह धामी को ईमेल भेजकर उड़ानों के नियमित संचालन की मांग की है। साथ ही उन्होंने तकनीकी और ऑपरेशनल सुधारों संबंधी कुछ उपाय भी सुझाए हैं।
ईमेल में डाॅ. उपाध्याय ने कहा है कि पंतनगर एयरपोर्ट कुमाऊं क्षेत्र का प्रमुख हवाई अड्डा है जो औद्योगिक, शैक्षिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसके बावजूद पंतनगर-दिल्ली व अन्य गंतव्यों की उड़ानें बार-बार रद्द अथवा विलंबित हो रही हैं। इससे यात्रियों, उद्योगों और पर्यटन क्षेत्र को भारी असुविधा हो रही है। कहा कि विदेशी व अन्य पर्यटक जो विमान से आकर उत्तराखंड की प्रकृति का आनंद लेना चाहते हैं, निश्चित तौर पर उन्हें आघात लगता है। यह सिस्टम दिन प्रतिदिन लड़खड़ाता जा रहा है। इससे पर्यटन को नुकसान हो रहा है।
उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट विस्तारीकरण में अभी लंबा समय लगना है, तब तक उड़ानों के नियमित संचालन के लिए कुछ उपाय किए जाने बेहद आवश्यक हैं। इनमें तकनीकी सुधार के तहत कैटे-2/कैटे-3 इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम की स्थापना, आधुनिक वेदर माॅनीटरिंग, ओए विजिबिलिटी सेंसर सिस्टम, नाइट लैंडिंग के लिए हाई इंटेसिटी रन-वे व टैक्सी-वे लाइटिंग की स्थापना बेहद जरूरी है। यह सभी सुधार लागू किए जाने पर पंतनगर से उड़ानों का संचालन नियमित, सुरक्षित व भरोसेमंद हो सकेगा।